शहडोल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है, लेकिन ऐसा लगता है कि जिम्मेदार इसे पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शहडोल जिले में स्कूली बच्चों से साफ-सफाई कराने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की जमकर किरकिरी हो रही है। हालांकि इस वायरल वीडियो की वॉइस ऑफ़ एमपी पुष्टि नहीं करता है।
दरअसल शहडोल के शासकीय स्कूलों की अव्यवस्था की तस्वीरें आए दिन सामने आती रहती है। ताजा मामला जिले के जयसिहनगर के चरकीड़ोल उचेहरा शासकीय हाई स्कूल का है, जहां अध्ययनरत छात्राओं से पढ़ाई के बीच स्कूल की साफ-सफाई करवाई जा रही है। मासूम बच्चे झाड़ू लगाकर स्कूल परिषर की धुलाई से लेकर क्लास में फैली गंदगी को पानी से रगड़ रगड़ कर साफ करते नजर आ रहे हैं। छात्रों ने बताया कि वो एक शिक्षक के कहने पर ये साफ सफाई कर रहे हैं।
आपकों बता दें कि शहड़ोल जिले में स्कूली छात्रों से साफ सफाई कराने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी छात्रों से स्कूल की टायलेट की सफाई कराने से लेकर स्कूल परिसर में झाड़ू लगवाने और बर्तन धुलवाने सहित स्कूल में लगे झाड़ी मैदान परिसर की साफ सफाई कराने के ही मामले सामने आए थे, लेकिन अब छात्र-छात्राओं से स्कूल की साफ सफाई व धुलाई का काम कराया जा रहा है। परिजन अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए उन्हें घर से स्कूल भेजते हैं, लेकिन स्कूल में इन छात्र छात्राओं से सफाई कराई जा रही है। इसे देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार की तमाम योजनाओं का जमीन पर क्या और कितना असर हुआ है।
वहीं इस पूरे मामले में ऐसी ट्राइवल आनंद राय सिन्हा का कहना है कि बच्चों से स्कूल परिसर में साफ सफाई कराने का एक मामला संज्ञान में आया है। जिसके लिए बीईओ को निर्देश दिया है वो आज मामले की जांच करवाएंगे।