बागली। उदय नगर थाना क्षेत्र के ग्राम झुलागढ़ में पति-पत्नी के रिश्तों को तार तार करने का मामला सामने आया है। जहां पति ने अज्ञात कारणों के चलते अपनी ही पत्नी की घर मे हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर उदय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां आरोपी पति को गिरफ्तार कर धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मृतिका की बहू द्वारा की गई रिपोर्ट के अनुसार उसकी 45 वर्षीय सास मीरा बाई घर के आंगन में सब्जी तोड़ रही थी।
मृतिका की बहु ने बताया की सास के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह जब घटनास्थल पर पहुंची तो सास मीरा बाई खून से लथपथ थी और ससुर सोमा सिंह के हाथ में कुल्हाड़ी थी। आसपास से कहीं रिश्तेदार भी घटनास्थल पर आ गए। बहु चेनाबाई ने उदय नगर थाने पर सूचना दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदोरिया ने बताया कि उदयनगर थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी पति को कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार कर धारा 302 का मुकदमा दर्ज कर प्रकरण विवेचना में लिया है। साथ ही हत्या के कारणों को लेकर परिजनों से पूछताछ की जा रही है।