देवास। नाहर दरवाजा थानांतर्गत आने वाले भवानी सागर में वैसे तो लगभग आधा दर्जन स्थानों पर जुआ-सट्टा व अवैध शराब कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। यहां पर सुबह से लेकर देर रात तक बड़ी मात्रा में अवैध शराब सहित जुआ-सट्टा व हाजर-वल्ली के माध्यम से लाखों रुपये की हार-जीत होती है।
शनिवार की रात करीब 8 बजे सूचना मिलने पर नाहर दरवाजा थाना प्रभारी प्रदीप राय के नेतृत्व में पुलिस दल ने छापामार कार्यवाही की। पुलिस ने यहां से 14 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सट्टापर्ची व अन्य उपकरण जब्त किये। पुलिस ने पकड़े गए सटोरियों का जुलूस निकाला और नाहर दरवाजा थाने पर ले गई।
थाना प्रभारी प्रदीप राय ने बताया कि भवानी सागर में चल रहे जुएं सट्टे की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही थी। इस पर पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में भीम धारू नामक बदमाश के अड्डे पर दबिश दी गई। जहां से 14 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सट्टापर्ची सहित 37 हजार 830 रुपये जब्त किए गए है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए 14 सटोरियों सहित फरार आरोपी भीम धारू के खिलाफ जुआं अधिनियम की धारा 4 क तहत मुकदमा दर्ज किया है।