बुरहानपुर। शहर से लगी ग्राम पंचायत एमागिर्द में जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा हुआ है। ग्राम पंचायत के हमीदपुरा क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जिसे लेकर क्षेत्रवासियों में नाराज़गी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्वयं के पैसों से हमने क्षेत्र में नाली का निर्माण करवाया है, लेकिन नालियों की सफाई के लिए पंचायत से कोई सफाईकर्मी नहीं आता है।
आपकों बता दें कि ग्राम पंचायत एमागिर्द मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। इस ग्राम पंचायत में विकास कार्याे के लिए करोड़ों रूपये स्वीकृत होते हैं। बावजूद इसके यह ग्राम पंचायत अपनी बदहाली पर आंसू बहाने को मजबूर हो रही है। ग्राम एमागिर्द में चारांे तऱफ गंदगी पसरी पड़ी है। नालिया जाम हो चुकी है। गन्दा पानी मुख्य सड़कों पर बहा है। एमागिर्द के कई क्षेत्रों में रोड़ कागज़ों में तो बनकर तैयार हो गए हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई काम नज़र नहीं आ रहा है। ग्राम पंचायत में सरपंच सचिव नदारद रहते हैं। पंचायत से सम्बंधित कार्यों के लिए ग्रामीणों को पंचायत के चक्कर लगाना पड़ते हैं।
वही इस पूरे मामले में आम आदमी पार्टी के नेता शांतनु पाटीदार ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जितने भी सरपंच ग्राम एमागिर्द में रहे हैं सब भाजपा समर्पित रहे हैं। सभी ने अपनी जेब भरने का काम किया है। वर्तमान सरपंच भी भाजपा से ताल्लुक रखते है। नीचे से ऊपर तक भाजपा की ही सरकार है, फिर क्या वज़ह है कि ग्राम एमागिर्द में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।