खरगोन। जिले के ग्राम घोटबेड़ा में भीलाल समाज संगठन कसरावद की तहसील स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से भीलाला समाज में बारवा, खर्च कार्यक्रम में बहन- बेटियों द्वारा लिए जाने वाले पशु बलि मांसाहार को पूर्णत प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अंतरजाति विवाह करने पर परिवार को समाज से पूर्णतः बहिष्कृत करने, धर्म परिवर्तन करने वाले को समाज से निकालने सहित शादी में दहेज के रूप में अधिकतम 51000 लेने की सहमति बनी। इसके अलावा प्रेम विवाह करने वाले व्यक्ति से अधिकतम 100000 झगड़े के रूप में लिए जाने और शादी समारोह के आना, गुणा एवं लड़की देखने के लिए कम से कम व्यक्तियों के जाने का निर्णय लिया गया।
वहीं बैठक में 12 वें के कार्यक्रम में मात्र मायका पक्ष से पगड़ी स्वीकार करने, समाज के मांगलिक कार्यक्रम में परिवार के मुखिया के द्वारा मेहमानों के लिए शराब की व्यवस्था करने पर पूर्ण तह प्रतिबंध लगाने, क्षेत्र में पैर पसार रही कृत्रिम ताड़ी एवं देशी- विदेशी मदिरा दुकानों के लाइसेंसी जगह के अतिरिक्त विक्रय पर पूर्णत प्रतिबंध लगाने, क्षेत्र में कमजोर वर्ग के बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु सहयोग करने के लिए सामाजिक ट्रस्ट बनाने सहित कई आवश्यक मुद्दों पर विचार विमश कर निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला सरक्षक इंजी. विश्राम सिंह डोडवे, इंजी. शिवराम रावत तहसील अध्यक्ष, पदमसिंह जमरे संरक्षक, इंजी. नरसिंह सिसोदिया उपाध्यक्ष, डॉ अर्जुन चौहान एवं दुबलिया मोरे सहित घोटबेड़ा, बाजूदपुरा, वायतेल, चौंड़ी, डोमवाड़ा, नांदला आदि गांव के समाजजन उपस्थित थे।