खरगोन। केंद्र सरकार के हिट एंड रन नए कानून को लेकर ड्राइवरों में रोष व्याप्त है। प्रदेश सहित जिले में चालक इसके विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। हड़ताल के दूसरे दिन मुख्यालय पर चालकों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए हड़ताल के बीच चल रहे भारी वाहनों को रोकने का प्रयास किया। जिससे मुख्य मार्गाे पर जाम की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के चलते सड़क किनारे ट्रकों की कतारें लग गई। बस ड्राइवरों ने प्रेसिडेंट तिराहे पर चक्का जाम कर नारेबाजी की। ड्राइवर इस कानून को लाने का विरोध कर रहे हैं। इस कानून में एक्सीडेंट होने पर ड्राइवर को 10 साल की सजा और 7 लाख के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। हड़ताल में पेट्रोल टेंकर वाहन चालकों के शामिल होने से पेट्रोल की भी किल्लत हो गई है। कई पेट्रोल पंप बन्द पड़े है तो वहीं जहां पेट्रोल है वहां लम्बी कतारें लग रही है।