सोनकच्छ। पीपलरावाँ में सोमवार सुबह घिचलाय के लकुमड़ी रोड स्थित खेत की मेड़ पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर के बाद आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पीपलरावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की अल सुबह घिचलाय के लकुमड़ी रोड स्थित खेत मालिक दिलीप गालोदीया ने गांव के महिपाल धाकड़ को फोन पर सूचना दी कि मेरे खेत के रास्ते पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। महिपाल धाकड़ द्वारा इसकी सूचना सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को भी दी गई। जैसे ही अज्ञात शव की खबर क्षेत्र में फैली वैसे ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
वही सूचना मिलने के बाद थाना टीआई अभिनव शुक्ला भी मौके पर पुलिस बल के सांथ पहुंचे। टीआई शुक्ला ने मौके पर शव की स्थिति देखी और फोरेंसिक टीम को बुलवाया। उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलने पर एसडीओपी सोनकच्छ भी मौके पर पंहुचे। फोरेंसिक टीम के अधिकारी आरसी भाटी ने घटना स्थल का सूक्ष्मता से अध्ययन किया।
मृतक की पहचान राकेश पुत्र कैलाश नारायण पटेल जाति खाती उम्र करीब 30 वर्ष निवासी खड़ी पार्वती जिला सिहोर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए सोनकच्छ भिजवाया और मृतक के परिजनों को सूचना दी।
अज्ञात शव मिलने के बाद से ही पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुट गई थी। शव के सिर एवं अन्य जगहों पर चोंट के निशान भी है। फोरेंसिक टीम ने भी अपने स्तर से जांच की, किंतु खबर दिखाए जाने तक पुलिस मामले में कोई ठोस निर्णय पर नहीं पहुंची थी। हालांकि फोरेंसिक टीम के अधिकारी भाटी ने मामले को प्रथम दृष्टियां हत्या करना बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।