नीमच जिले के बस, ट्रक, ऑटो टेंपो चालकों ने कलेक्टर दिनेश जैन की समझाइश के बाद सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग करते हुए 2 माह का समय देकर फिलहाल हड़ताल स्थगित करने का आश्वासन दिया है।
नीमच जिला कलेक्टर दिनेश जैन ने आज बस, ट्रक, टेंपो ऑटो ड्राइवर और वाहन संचालकों के प्रतिनिधि मंडल के साथ कलेक्ट्रेट में हड़ताल स्थगित करने और हड़ताल की वजह से जनता को हो रही असुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में एसपी अमित तोलानी एडीएम नेहा मीणा, सीईओ गुरु प्रसाद एसडीम ममता खेड़े और एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया भी मौजूद रहे।
इससे पूर्व बस, ट्रक ऑनर्स और ड्राइवरों के विभिन्न संगठनों द्वारा एक पैदल रैली नीमच शहर के मुख्य मार्गों पर निकाली गई। रैली जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां पहुंचकर जिलेभर से आए ड्राइवरों ने एक ज्ञापन राष्ट्रपति, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम सौंपा, जिसमें हाल ही में संसद में लाए गए न्याय संहिता कानून और भारतीय दंड संहिता में किए जा रहे परिवर्तन को लेकर विरोध किया गया।
इस दौरान ड्राइवर ने आक्रोशित होकर जमकर नारेबाजी की। मौजूद लोगों का कहना था कि एक्सीडेंट होने के बाद भागने की स्थिति में ड्राइवरों को 5 साल की सजा और 10 लाख रुपए तक के जुर्माने का केंद्र सरकार का निर्णय कत्तई न्याय संगत नहीं है। हिट एंड रन कानून नेर्संगिक न्याय के खिलाफ है। इस कानून के बाद लोगों के लिए ड्राइविंग का पैशा अपनाना मुहाल हो जाएगा। ड्राइवरों ने सरकार से इस कानून को लागू ना करने की मांग की है। बताते चलें कि यह कानून अप्रैल 2024 से लागू होना है। इसके विरोध में देशव्यापी हड़ताल की जा रही है।