मन्दसौर। प्रदेश सहित जिले के तापमान में गिरावट आने तथा शीतलहर व ठंड से असहाय, बेसहारा, जरूरतमंद व आमनागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है इसी को लेकर मंदसौर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव एवं सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम ने देर रात्रि में रेन बसेरों का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जरूरतमंद लोगों को कंबल का वितरण भी किया। कलेक्टर, सीईओ के संयुक्त निरीक्षण के दौरान ठंड बचाने के लिए जिले के चौक चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य आवश्यक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने के निर्देश सीएमओं नगर पालिका को दिए। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय में रैन बसेरा नहीं होने पर आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्थाई रूप से सामुदायिक भवन में आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने शीतलहर से बचने के लिए नागरिकों को अनावश्यक घर से बाहर ना निकलने तथा अतिआवश्यक कार्य होने पर ही गर्म कपड़ों के साथ बाहर निकलने की अपील की। कलेक्टर ने झुग्गी-झोपड़ी एवं शहर के अन्य क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए समाज सेवी संस्थान, एनजीओ आदि से गर्म कपड़े, कंबल आदि दान करने के साथ ही इच्छुक आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है। अलाव जलने से लोगों को ठंड से बचाव में काफी राहत मिल रही है।