शहडोल। जिले के वन परिक्षेत्र अमझोर अंतर्गत ग्राम पंचायत बनसुकली में जंगली भालुओं का झुंड आ जाने से ग्रामीण दहशत में है। बताया गया कि चार-पांच की संख्या में अचानक भालू जंगल की ओर से दौड़ते हुए गांव की तरफ घुस गए। हालांकि ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी है लेकिन वन विभाग की टीम अभी भी मौके पर नहीं पहुंची हैं।
दरअसल शहडोल जिले के जैसिंघनगर इलाके के वन परिक्षेत्र अमझोर में बड़ी संख्या में भालू रहते हैं। लेकिन इस बार भालुओं का एक झुंड जंगल की तरफ से आकर गांव में घुस गया। गांव में मौजूद ग्रामीण यह नजारा देख दहशत में आ गए हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर हो हल्ला करके भालूओं को खदेड़ा हैं।
बताया गया कि बांसुकुली गांव के आसपास एक मादा भालू अपने चार बच्चों के साथ गांव के आसपास कई बार देखी गई है। ग्रामीणों के द्वारा इस बात की जानकारी वन विभाग को दी है लेकिन वन विभाग की तरफ से कोई भी कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार भालू गांव की तरफ आकर ग्रामीणों पर हमला भी कर देते हैं जिससे ग्रामीण घायल हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग का लापरवाहीपूर्वक रवैये से ग्रामीणों के जान माल का खतरा बना रहता हैं। इस बार भी चार-पांच की संख्या में भालू गांव के आसपास कई बार से देखे जा रहे हैं। लेकिन वन विभाग को जानकारी होने के बाद भी कोई कदम उठाने की बजाय किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।