नीमच। डाईट परिसर में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित इस विज्ञान प्रदर्शनी में नीमच और मंदसौर जिले के कक्षा 6 से 10 तक के 117 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार विद्यालय स्तर पर आइडिया कॉम्पिटिशन के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा विश्लेषण कर सर्वश्रेष्ठ चयनित आइडिया को इस जिला स्तरीय प्रदर्शनी में सम्मिलित किया गया है। यहां से चयनित सर्वश्रेष्ठ मॉडलों को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में सम्मिलित किया जाएगा। फिर राज्य स्तर पर चयनित आइडिया को राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि भारत के सर्वश्रेष्ठ टॉप 60 चयनित मॉडल की प्रदर्शनी राष्ट्रपति भवन में लगाई जाएगी। इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी निश्चित रूप से छात्रों के लिए बहुत उपयोगी है। इसके माध्यम से छात्रों को अपने नवीन विचारों को अविष्कार के रूप में बदलने का मौका मिलता है। इस तरह वैज्ञानिक सोच रखने वाले नए छात्र तैयार होते हैं।
नीमच में आयोजित प्रदर्शनी में मंदसौर जिले के 31 और नीमच जिले के 86 छात्र छात्राएं नए-नए मॉडल बनाकर सम्मिलित हुए हैं। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मनासा रोड स्थित डाइट परिसर में पहुंच रहे हैं। स्मार्ट व्हील चेयर, दृष्टिहीन लोगों के लिए स्मार्ट छड़ी, छत का पंखा साफ करने की मशीन, सेफ्टी ब्रेसलेट, थ्री इन वन चेयर आदि कई मॉडल विज्ञान प्रदर्शनी में नये नये प्रयोग कर छात्र छात्राओं द्वारा बनाकर लगाए गए है।