खरगोन। प्रदेश के ऐतिहासिक मेलों में शुमार खरगोन का श्री नवग्रह मेला इस साल 132 वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। मेले में दुकानें आवंटन से पहले शुक्रवार को ले- आउट डाला गया। सुबह करीब 11 बजे एसडीएम भास्कर गाचले, नपा सीएमओ एमआर निगवाल सहित राजस्व अधिकारी एवं महिला सभा पदाधिकारी मेला मैदान पहुंचे। यहां बदलाव के बाद तैयार किए गए नक्शे का अफसरों ने निरीक्षण किया। इसके बाद ले- आउट प्रक्रिया शुरु हुई।
सीएमओ निगवाल ने बताया कि 10 जनवरी से मेले में दुकानें लगाने की प्रक्रिया शुरु हो सकेगी। मेले में झूले, खान- पान होटलों के साथ ही अन्य मनोरंजन के साधनों सहित कुल 430 दुकानें लगाई जाएंगी। इस बार मेले में बदलाव किया गया है। इस बार मेले में दुकानें पूर्व-पश्चिम दिशा में लगाई जाएगी। मेले में आने वाले लोगों को हर ब्लॉक में जाने में भी आसानी होगी। सीएमओ के मुताबिक मेले में किसी तरह का मनोरंजन कर नहीं बढ़ाया गया है।