बड़वानी। जिले की सेंधवा थाना पुलिस ने नकली विमल पान मसाला बनाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से करीब 8,36,230 रुपए की सामग्री भी जप्त की गई है। इस सामग्री का अवैध कार्य में उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा पुलिस ने वैगेनार कार व मोटरसाइकिल भी जप्त की है।
बड़वानी जिले की सेंधवा थाना ग्रामीण पुलिस ने पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व व दिशा निर्देश में नकली विमल पान मसाला पाउच बनाने की फैक्ट्री को ध्वस्त कर विमल पान मसाला बनाने की सामग्री व मशीनों को जप्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मौके से विमल पाउच 121 किलोग्राम, 100 किलो ग्राम कच्चा माल, 117 किलो ग्राम तंबाकू के पाउच, विमल पाउच बनाने की दो मशीन, दो रोल, विमल पाउच के प्लास्टिक की थैलियां एवं इस्तेमाल किये गए वाहन क़ीमत 8,36,230 रुपए बरामद कर जप्त की। अपराधी जफर पिता मुबारिक मंसूरी निवासी धनोरा, सेवाराम पिता कालूराम बेलगवाल कुटियासनी तहसील देहगाणा जिला नागौर राजस्थान, हसन पिता कमालुद्दीन लोहार मैकेनिक नगर सेंधवा, अर्जुन पिता शोभाराम सेनानी भूरापानी सेंधवा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दो आरोपी फरार है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की विभिन्न धारा 420, 486, 34 भादवि, धारा 51, 63, कॉपी राइट एक्ट धारा 5,7,20,22 सिगरेट एवं तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।