देवास। पोलाखाल उदय नगर निवासी सोमाता बाई पति पप्पू जी चौहान ने जिलाधीश एवं पुलिस अधीक्षक को उदय नगर पुलिस द्वारा उचित कार्यवाही नहीं करने की शिकायत करते हुए आवेदन दिया।
आवेदन में बताया कि मैं और मेरे पति पोलाखाल इंदौर वाले की कृषि भूमि पर पानत (सिंचाई) करते थे। वहीं पर पास में सुमेर सिंह की कृषि भूमि भी है। जिस भूमि पर हम सिंचाई करते थे, उस पर प्याज के बीज लगे थे। एक दिन सुमेर सिंह ट्रेक्टर लेकर प्याज लगी भूमि पर चलाने लगा, जिस पर मेरे पति और उसके बीच विवाद हुआ। इसके बाद मैं किशनगढ चली गई। 15 दिसम्बर को सुबह सुमेर सिंह ने फोन लगाकर बताया कि तुम यहां आकर देख लो कि तुम्हारा पति जिंदा है या नहीं। मैं सुबह 8 बजे अपने पिता केे साथ ग्राम पोलाखाल गई। वहां जाकर देखा तो दरवाजा बाहर से बंद था और खिड़की खुली हुई थी जाली टूटी हुई थी। मैने अंदर जाकर देखा तो मेरा पति मरा हुआ था। पुलिस को सूचना देने पर पुलिस आ गई और मेरे पति के पोस्ट मार्टम के बाद लाश हमारे सुपूर्द कर दी। मुझे एवं मेरे परिवार वालों को विश्वास है कि मेरे पति के साथ सुमेर सिंह ने कोई घटना कारित की है, लेकिन पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।