जतारा। ग्राम पंचायत टानगा के समीप से गुजरने वाली उर नदी पर सिंचाई विभाग के द्वारा करवाए जा रहे बीयर बार या चेक डैम पर क्षेत्र एवं ग्राम वासियों के द्वारा तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्राम वासियों के द्वारा बताया गया कि इस नदी पर करवाए जा रहे निर्माण कार्य में कई तरह की खामियां देखी जा रही है। जैसे की इस कार्य में खुदाई कम करवाई गई है, जिससे नींव कमजोर है। इसके अलावा इस निर्माण कार्य में जो सरिया उपयोग में लाया जा रहा है वह बहुत ही पतला एवं बिना आई यस आई मार्क वाला उपयोग किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में जो बालू रेती उपयोग में लाई जा रही है। वह अत्यंत घटिया किस्म की मिट्टी युक्त बालू का प्रयोग किया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम वासियों ने यह भी बताया कि पहले जब इस कार्य का सर्वे किया गया था।
उस वक्त ग्राम वासियों को बताया गया था कि आप लोगों को इसके ऊपर से निकलने का रास्ता भी रहेगा, जिसकी टाप में चौड़ाई लगभग 10 फिट रहेगी और नीचे से इसकी मोटाई लगभग 17 फीट बताई गई थी, परंतु जब इस बारे में वहां पर कार्य करवा रहे लोगों से जानकारी प्राप्त की गई तो उन्होंने बताया कि टॉप पर इसकी चौड़ाई लगभग डेढ़ मीटर ही रहेगी, जिससे ग्रामवासियों में अच्छा खासा आक्रोश देखने को पाया गया।
ग्राम टानगा से अन्य गांव जैसे कि घूरा और भी अन्य गांव के आने जाने वाले लोगों को बरसात एवं अन्य मौसम में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी चिंता जाहिर की। इस तरह के घटिया निर्माण कार्य से यह चेक डैम या बियर बार मुश्किल से एक आद या दो बरसात ही झेल पाए इस बात के लिए ग्राम वासियों एवं क्षेत्र वासियों के द्वारा मुख्यमंत्री को एक लिखित शिकायती पत्र भेजकर इस निर्माण कार्य की जांच उच्च अधिकारियों से करवाए जाने की मांग की है। जबकि यह निर्माण कार्य कोई थोड़ी बहुत लागत से नहीं करवाया जा रहा है बल्कि सिंचाई विभाग से यह कार्य 3 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से करवाया जा रहा है, जिसके निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है। इसमें शासन की राशि का दुरुपयोग तो किया ही जा रहा है इसके साथ ही आम जनमानस के जीवन के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। इन सभी बातों को मद्दे नजर रखते हुए ग्राम वासियों के द्वारा उच्च स्तर पर जांच करवाए जाने की मांग की गई है।
इस बारे में क्या कहते हैं अधिकारी सिंचाई विभाग एसडीओ सौरभ पटेल से दूरभाष पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।