सेगांव। राष्ट्र सेविका समिति खंड सेगांव के तहत नगर में अनुशासन का परिचय देते हुए महिलाओं व बालिकाओं द्वारा पथ संचलन निकला। जिनका जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का स्वागत हुआ। मातेश्वरी सहकारी विपणन संस्था प्रांगण से राष्ट्र सेविका समिति के सदस्य मैदान पर एकत्र हुए। एक कतार में खड़े होकर सभी ने अनुशासन का परिचय दिया। इसके बाद नगर के मुख्य मार्गों से पथ संचलन निकाला गया। कंधे पर डंडा रखकर बालिकाएं और मातृशक्ति ने कदम से कदम मिलाकर सहभागिता की। संचलन के दौरान आधा दर्जन राष्ट्र सेविका समिति की सदस्य देशभक्ति धुन बांसुरी संघ गर्जना बजाकर चल रहे थे। सभी राष्ट्र सेविका समिति की सदस्य सफेद साड़ी एवं सफेद सलवार सूट पहने थी।
यह पथ संचलन मातेश्वरी सहकारी संस्था से होते हुए मैन रोड से बस स्टैंड, दरबार गली, सिंगाजी मंदिर होते हुए राम मंदिर गली से वापस मैन रोड से चांदनी चौक, श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर होते हुए लोनार रोड से वापस मातेश्वरी सहकारी विपणन संस्था पहुंचा। जहां समापन हुआ।
संचलन के दौरान नगर में जगह-जगह पुलिस मुस्तैद रही। ऊन थाना प्रभारी लक्ष्मण लोवंशी, चौकी प्रभारी भोजराज परमार, आरक्षक कृष्णकांत चौहान मौजूद थे और मस्जिदों व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ड्यूटी करती नजर आई। नगर में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति द्वारा पथ संचलन निकाला गया। सभी ग्रामवासियों ने सराहना करते हुए भव्य स्वागत किया।
इसी दौरान मातेश्वरी सहकारी विपणन संस्था ग्राउंड में आकर्षक रंगोली रूचिता सोनी, कीर्ति पाटीदार,रीना पाटीदार, प्रज्ञा मंडलोई, हर्षाली मंडलोई के द्वारा बनाई गई, जिसकी सभी ग्रामीणों के द्वारा रंगोली की प्रशंसा की गई।