हाटपीपल्या। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे भारतवर्ष में जोर-जोर से तैयारी चल रही है। जगह-जगह भक्ति भाव से भगवा लहराते हुए जय श्री राम के नारों के साथ अयोध्या से आए अक्षत कलश को सिर पर रखकर ढोल ढमाकों के साथ पुष्प वर्षा कर खुशियां मना रहे हैं। इसी के चलते देवास के नेवरी में भी शीतला माता मंदिर व मनकामेश्वर मंदिर में रखें अयोध्या से आए अक्षत कलश को लेने के लिए ढोल-ढमाकों व डीजे के साथ लोग पहुंचे। बरोठा फाटा स्थित हनुमान मंदिर से पूरे ग्राम वासियों ने अक्षत कलश की यात्रा निकाली।
महिलाओं भी भजन कीर्तन करते हुए मनकामेश्वर मंदिर पहुंची। जहां अक्षत कलश की पूजा कर यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गाे से होते हुए निकली। जुलूस में शामिल अक्षत कलश का जगह-जगह ग्राम वासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान पुरूषों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। बरोठा फाटा पहुंचते ही हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भी अक्षत कलश की पूजा कर अपने सिर पर धारण किया। साथ ही आगामी 22 जनवरी को होने वाली श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अपने-अपने घरों में दीपक लगाकर घरों को सजाकर दीपावली के रूप में खुशियां मनाने की अपील की।