अलीराजपुर। जोबट थाना अंतर्गत ग्राम जामनी में रात्रि 12 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक गिट्टी से भरा हुआ डम्पर दुर्घटना ग्रस्त होकर पलट गया है, जिस पर सवार तीन लोगों के दबे होने की सूचना है। सूचना पर तत्काल जोबट एसडीओपी नीरज नामदेव थाना प्रभारी आरती चराटे, रात्रि गश्त अधिकारी एएसआई विक्रम लाखन व अन्य पुलिस स्टाफ़ तत्काल मौक़े पर पहुँचे और एम्बुलेंस व दो जेसीबी मशीन मौक़े पर बुलाई गई।
पुलिसकर्मी व स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में ग्राम खट्टाली के सरपंच चैन सिंह डावर, जोबट के डमरू शर्मा व अन्य स्थानीय ग्रामीण जन शामिल हुए। सभी घायलों को जेसीबी व अन्य साधनों की मदद से एक-एक कर बाहर निकाला गया।
एसडीओपी नामदेव ने बताया कि उक्त डम्पर वाहन ग्राम गिरवानी से गिट्टी भरकर ग्राम खंडाला जा रहा था तभी रास्ते में जामनी मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस द्वारा चलाये रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और शासकीय चिकित्सालय जोबट उपचार हेतु भेजा गया है। डम्पर ईडू का बताया जा रहा है। इस प्रकार जोबट पुलिस की सक्रियता से तीन लोगों की जान बचा ली गई है। एसडीओपी व जोबट पुलिस द्वारा तत्काल किए गए बचाव कार्य की सभी के द्वारा प्रशंसा की जा रही है।