शहडोल। जिले में तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में सवार 12 यात्री घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी गांव में हुई है। पुलिस के अनुसार बस क्रमांक एमपी 18-पी-0331 शहडोल से ब्यौहारी की ओर जा रही थी। तभी टिहकी गांव के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस एवं 108 एंबुलेंस को दी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। एंबुलेंस व अन्य वाहनों के सहारे सभी घायलों को अस्पताल में लाकर भर्ती कराया।
थाना प्रभारी का कहना है कि बस में करीब 35 लोग सवार थे। इसमें से 11 लोगों को मामूली चोट आई है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद 11 लोगों को छुट्टी दे दी गई। जिस यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है, उसे डॉक्टरो ने मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया है।
शहडोल से ब्योहारी की ओर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजू लता पटले सोमवार को थाने का निरीक्षण करने जा रही थी। तभी रास्ते में बस दुर्घटना देख उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों को घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात भी की। उनका कहना है कि सभी घायल इलाज के बाद अपने घर चले गए हैं। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।