शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम गूडर में बीती रात पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने गैस कटर की सहायता से पहले ताले तोड़े। फिर बैंक के अंदर तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे।
खनियांधाना थाना प्रभारी रत्नेश यादव ने बताया कि रात्रि के समय अज्ञात चोरों ने ग्राम गूडर की पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में धाबा बोला था। चोरों ने पहले आसपास के घरों के दरवाजों को बाहर बंद किया। इसके बाद गैस कटर की मदद से बैंक के ताले काटे। ताले तोड़ने के बाद चोर अंदर घुसे ओर तिजोरी को भी गैस कटर से काटने का प्रयास किया, लेकिन इसमें चोरों को सफलता नहीं मिली। इस दौरान चोरों ने नेट कनेक्टिविटी एवं सीसीटीवी के कनेक्शन भी काटने का प्रयास किया, तभी पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर चोर मौके पर गैस कटर सहित अन्य सामान छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर बॉक्स अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं बैंक का अलार्म बंद मिलने पर पुलिस ने बैंक कर्मचारियों को अलार्म सही करने और बैंक में चौकीदार उपलब्ध कराने को भी कहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।