शहडोल। जिले में अधिकारियों की अनदेखी के कारण अवैध रेत से भरे भारी वाहनों का आवागमन बदस्तूर जारी है। ये वाहन छत्तीसगढ़ से नदी का सीना चीरकर अवैध तरीके से रेत का उत्खनन कर जिले में प्रवेश कर रहे हैं। जिले के सीधी थाना क्षेत्र होते हुए ब्योहारी थाना क्षेत्र से सीधे ये वाहन रीवा वा सीधी की ओर जा रहे हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है। प्रतिदिन 5 से 7 हाईवा वाहन बेदड़क निकलते हैं। कार्रवाई नहीं होने से शासन को भी राजस्व की हानि हो रही है। इस संबंध में जागरूक नागरिक कई बार जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों को शिकायत दर्ज करा चुके हैं। बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वहीं जब इस संबंध में खनिज अधिकारी से बात की गई तो उनका कहना है कि कुछ दिन पूर्व ही 3 वाहनों पर कार्रवाईकी गई है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।