नीमच। कृषि उपज मंडी नीमच में आज उस समय हड़कंप मच गया जब राजस्थान की पुलिस अचानक मंडी पहुंची और एक व्यापारी की फर्म पर दबिश देकर व्यापारी को अपने साथ ले गई। इस घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। मौके पर कई जनप्रतिनिधि, अभिभाषक और व्यापारी इक्कठे हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान की कृषि उपज मंडी बारां के व्यापारी निर्मल नागर से नीमच के 08 फर्मो के मालिक ने 2017 में 90 लाख रूपए की लहसुन खरीदी थी। जिसका आज दिनांक तक एक रूपए का भी भुगतान नीमच के इन लहसुन व्यापारियों ने बारां के व्यापारी को नहीं किया। इसके बाद व्यापारी निर्मल नागर ने इस जालसाजी को लेकर बारां न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद नीमच के इन 08 व्यापारियों पर बारां पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
आज गुरुवार अपरान्ह बारां पुलिस फरियादी व्यापारी निर्मल नागर को लेकर नीमच पहुंची। यहां शहर की कृषि उपज मंडी में जालसाजी करने वाले व्यापारियों के ठिकाने पर दबिश दी। जिसके तहत इस वारदात में शामिल कृषि उपज मंडी नीमच की फर्म कनक इण्डिया नीमच के लहसुन व्यापारी अभिषेक कुमरावत को बारां पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ बारां ले गई।
नीमच की 08 फर्मो के लहसुन व्यापारियों ने बारां के व्यापारी को कहा था कि यहां से लहसुन खरीदकर हमें भेजो हम लोग तुम्हे अच्छा कमीशन देंगे। शुरुआत में तो नीमच के इन लहसुन व्यापारियों ने बारां के व्यापारी नागर को लहसुन के पैसे दिए लेकिन बाद में पैसे लहसुन मंगवा ली और भुगतान नहीं किया। जिसके बाद व्यापारी ने परेशान होकर कोर्ट की शरण ली।
नीमच की इन फर्म के खिलाफ कोर्ट ने की एफआईआर दर्ज-
कनक इण्डिया नीमच- 2933136 रूपए
यशी इन्र्टप्राइजेज नीमच- 1287782 रूपए
ललित कुमार सुरेश कुमार नीमच- 674872 रूपए
त्रिमूर्ति ट्रेडिंग कंपनी नीमच- 664466 रूपए
शिवाय ट्रेडर्स नीमच- 2149425 रूपए
खंडेलवाल ट्रेडर्स नीमच- 576309 रूपए
वैष्णवी इटरप्राईजेज नीमच- 677706 रूपए
दिलीप कुमार एन्ड कंपनी नीमच- 193230 रूपए