बैतूल। जिले में सागौन की तस्करी करने वाले नए-नए तरीके अपना रहे हैं, ताकि वन विभाग की आंखों में धूल झोंकी जा सके। वन विभाग भी लगातार सक्रियता से इन पर कार्रवाई कर रहा है। आठनेर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने सागौन तस्करी करने के ऐसे ही प्रयास को विफल कर दिया। तस्करों के द्वारा सब्जी के कैरेट के नीचे सागौन की चरपट छिपाकर ले जाई जा रहीं थी। वन विभाग की टीम ने उन्हें जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र आठनेर मोर्शी अंतर्गत 17 जनवरी को अवैध सागौन परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद गश्ती दल द्वारा कावला से हीरादेही मार्ग पर छिपकर वाहन के आने का इंतजार किया गया। कुछ समय पश्चात मालवाहक वाहन आते दिखा जिसमें ऊपर तक सब्जी के कैरेट रखे हुए थे। तेज गति से आ रहे वाहन का जब स्टाफ ने पीछा शुरू किया तो वह अनियंत्रित होकर एक स्थान पर सड़क से नीचे उतर गई और वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वन विभाग ने दर्ज किया प्रकरण
वाहन के साथ बाइक से रैकी कर रहे व्यक्ति को स्टाफ द्वारा पकड़ा गया। जिसके द्वारा अपना नाम इर्शद खां निवासी ब्राह्मण वाडा बताया। पिकअप वाहन में सब्जी कैरेट के नीचे सागौन चरपट रखी हुई पाई गई। आरोपित द्वारा कोई वैध कागजात नहीं दिखाए। वन विभाग की टीम आरोपित को माल वाहक वाहन और बाइक के साथ वन चौकी हीरादेही लेकर पहुंची। वाहन में सागौन काष्ठ 26 नग, 1.346 घन मीटर पाई गई। वन विभाग ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है।