रतलाम। जिले के गांव सरसी में विकसित भारत संकल्प यात्रा में आए उज्जैन आलोट सांसद अनिल फिरोजिया को अतिथि शिक्षकों ने वेतन न मिलने के मुद्दे पर संबंधित निराकरण एवं अन्य समस्या का समाधान करने हेतु आवेदन दिया।
इस दौरान सभी शिक्षकों ने एक स्वर से कहा कि जिले के विभिन्न उच्च और उच्चतम माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षक भुखमरी के कगार पर हैं। लंबे समय के इंतजार के बाद भी अब तक वेतन नहीं मिलने से जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। शिक्षक कर्ज लेकर जीवन यापन करने को मजबूर हो रहें हैं। पहले भी कई बार अतिथि शिक्षकों द्वारा सरकार तक बात पहुंचाई गई, लेकिन हमारी समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किए गए बावजूद इसके अतिथि शिक्षकों का नियमितीकरण नहीं हुआ और ना ही उनकी तनख्वाह को लेकर राज्य सरकार ने कोई निर्णय लिया है। वहीं मानदेय के अलावा विभागीय परीक्षा संबंधित जो नियम अतिथि शिक्षक अनियमिती करण के लिए महापंचायत में घोषित हुए उन्हें शीघ्र लागू करवाने की सांसद से गुहार लगाई गई।
इस मौके पर तरुण शर्मा, श्यामलाल बिगरा, सुरेश राठौड़, नर्मदा धाकड़, दीपिका राठौड़ सहित कई अतिथि शिक्षक मौजूद रहे।