मनासा। जनपद पंचायत मनासा की सांडिया पंचायत में विभिन्न योजनाओं का मॉडल नागरिक सूचना पटल बनकर तैयार हो गया है। पूरे जिले की ग्राम पंचायत सांडिया ऐसी पहली ग्राम पंचायत बनी जहां योजनाओं का पटल बनाकर लगाया गया है। यह नागरिक सूचना पटल ग्राम पंचायत के पास बनाया गया है। इससे लोगो को आसानी से उन सभी योजनाओं की जानकारी मिल जाएगी जो ग्राम पंचायत में संचालित की जा रही है।
बोर्ड के ऊपर स्वस्थ पंचायत, जल हितेषी, महिला हितेषी, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ और हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा पंचायत, सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासित पंचायत, बाल विवाह मुक्त पंचायत, विवाद मुक्त पंचायत, नशा मुक्त पंचायत, टीबी मुक्त पंचायत जैसी 16 योजनाओं का उल्लेख किया गया है। जैसे-जैसे इन योजनाओं पर पंचायत कार्य पूर्ण कर लेगी वैसे-वैसे उन योजना के आगे हाँ के निशान के ऊपर राइट लगा दिया जाएगा। वहीं बीते एक वर्ष में ग्राम पंचायत सांडिया में विभिन्न मार्गों में पेवर ब्लॉक लगाए गए है। नवीन सीमेंट कांक्रीट रोड़ का निर्माण किया गया है। गांव मे सार्वजनिक प्रकाश के लिए पूरे गांव में स्ट्रीट लाईट लगाई गई है।
जिला पंचायत सीईओ गुरुप्रसाद एवं जनपद पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, उपयंत्री मौसम मेरावडिया द्वारा पंचायत भवन और शमशान के सौंद्रीयकरण एवं पंचायत में हुए विकास कार्यो का अवलोकन किया गया और शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ दिलाने की बात कही गई।