शहडोल। 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी में पूरा देश राममय होने की तैयारी कर रहा है। हिंदू सहित इस देश का मुसलमान भी रामलला के स्वागत की तैयारी कर रहा है। ऐसे में शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में पोहरी के पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राठखेडा के सुपुत्र द्वारा रामकाज में लगे भक्तों के साथ अभद्रता की गई। इसलिए पोहरी में बजरंग दल और हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं सहित भारतीय जनता पार्टी के अधिकारी मंत्री के बिगड़ैल पुत्र के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर पोहरी थाने के सामने धरने पर बैठ गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी पोहरी के मंडल उपाध्यक्ष शुभम मुदगल ने बताया कि शुक्रवार की रात 10 बजे पोहरी चौराहे को सजाने का काम चल रहा था। उसी समय पोहरी के पूर्व विधायक और मप्र शासन में पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राठखेडा के पुत्र जीतू राठखेडा अपनी फोर व्हीलर गाडी से उतरे और बोले की पोहरी के बाप हम है। हम चाहेंगे वह होगा। हमें हरवाकर अब अकेले अकेले कार्यक्रम कर रहे हो। जब वहां पर उपस्थित हिन्दूवादी संगठनों ने इस प्रकार की अभद्रता करने से मना कर दिया तो अपने चार साथियों सहित जीतू राठखेड़ा ने गाली गलौज शुरू कर दी।
पूर्व मंत्री के पुत्र के इस आचरण से कार्यकर्ताओं में रोष है। आज बजरंग दल और हिंदू दल के नेताओ द्वारा पूर्व मंत्री पुत्र जीतू धाकड़ और उनके साथियों पर एफआईआर की मांग को लेकर पोहरी थाने के सामने धरने पर बैठकर प्रदर्शन किया जा रहा है। ऐसे में अगर पूर्व मंत्री के पुत्र पर एफआईआर नहीं होती है और साथ ही मंत्री पुत्र माफी नहीं मांगते हैं तो चक्काजाम भी किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन 22 जनवरी को कस्बे के कॉलेज ग्राउंड में विशाल सुंदरकाण्ड और शोभायात्रा का आयोजन बजरंग दल और हिन्दूवादी संगठनों ने रखा है। इसी आयोजन की तैयारी कर रहे थे और पोहरी की साज सज्जा की जा रही थी तभी पूर्व मंत्री पुत्र आ धमके और गाली गलौज करने लगे।