मंदसौर। मल्हारगढ़ क्षेत्र के ग्राम खेजड़ी में पिछले दिनों केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के दल द्वारा दी गई कथित दबिश का मामला उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तक पहुंचा। देवड़ा ने इस मामले में केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा की थी और मामले में निष्पक्षता से जांच करने के साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृति नहीं हो, यह विभाग सुनिश्चित करें। जिसके बाद केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डीएनसी नीमच में पदस्थ सुपरिटेंडेंटआदित्य रंजन का तबादला कर दिया। आदित्य रंजन की जगह वीएस कुमार को डीएनसी नीमच सुपरीडेंट का चार्ज दिया गया हैं। आदित्य रंजन को डीएनसी कार्यालय ग्वालियर भेजा गया हैं।
ग्रामीणों ने की थी डिप्टी सीएम देवड़ा से मुलाकात-
उप मुख्यमंत्री देवड़ा को प्रार्थी उदय सिंह चौहान सहित अन्य ग्राम वासियों ने शिकायत की थी कि दिनांक 18 जनवरी को प्रातः 6 बजे हम परिवार वाले घर में सोए थे, तभी अचानक घर पर नारकोटिक्स विभाग के पुलिस जवान तीन चार फोर व्हीलर से दबिश देने आए। दबिश के दौरान दीवार क्षतिग्रस्त की और एक जवान दीवाल कूदकर घर में घुसा। पूरा घर तहस नहस कर दिया और कपड़े की पेटियों के ताले भी तोड़ दिए। दल ने हमें भयभीत किया और लाइसेंस काटने की धमकी दी। इस दौरान नारायणगढ़ थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। ज्ञापन आवेदक ने इस दबिश के बाद भविष्य में भी झूठे केस बनाए जाने की आशंका जाहिर की।