नीमच। अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर नगरपालिका परिषद नीमच द्वारा भी जिला प्रशासन के मार्गदर्शन व नपाध्यक्ष स्वाती गौरव चौपडा के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। आयोजित कार्यक्रमों में 21 व 22 जनवरी को भारतमाता चौराहे (फोर जीरो) पर रामलीला में वेद नाट्य संस्था उज्जैन के कलाकारों द्वारा निर्देशक विकास चौहान के नेतृत्व में अयोध्यापति श्रीराम नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन 22 जनवरी को जहां अयोध्या में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित हुआ वहीं नीमच के भारत माता चौराहे पर कार्यक्रम की शुरूआत अतिथिगणों व शहरवासियों द्वारा 501 दीप प्रज्वलित कर दीपदान कार्यक्रम व प्रभु श्रीराम जी की आरती से की गई। इस दौरान विश्व रिकार्ड विजेता प्रख्यात चित्रकार राहुल देव लोहार ने हनुमान चालीसा की धुन पर प्रभु श्रीराम का चित्र केनवास पर बनाकर सभी को आश्चर्य चकित कर दिया। रामलीला का अंतिम दिन श्रद्धालुओं के लिये भावुक भरा रहा। अंतिम दिन प्रभु श्रीराम को वनवास के आदेश व भरत मिलाप ने सभी को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप मे उपस्थित विधायक दिलीपसिंह परिहार, नपाध्यक्ष स्वाती गौरव चौपडा, कलेक्टर दिनेश जैन, जिला पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एसडीएम ममता खेडे, समाजसेवी संतोष चौपडा, सुचित्रा परिहार, सीएमओ महेन्द्र वशिष्ट, नपा सभापति कुसुम अशोक जोशी, ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया व प्रभु श्रीराम का चित्र बनाने वाले प्रख्यात चित्रकार राहुल लोहार का सम्मान किया। इस अवसर पर नन्हें बालक अर्नव भारती ने रामलला के निमंत्रण की कविता सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन वेद नाट्य संस्था के 25 से अधिक कलाकारों ने राम-सीता के अयोध्या आगमन, दशरथ दरबार, राम राज्याभिषेक चर्चा, मंथरा-केकई संवाद, केकई-दशरथ संवाद, राम लखन व कौशल्या-सुमित्रा संवाद, राम-लक्ष्मण-निशादराज संवाद, व भरत मिलन का ऐसा प्रस्तुतीकरण किया कि संपूर्ण माहौल राममय हो गया व समूचा क्षेत्र प्रभु श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश मंगल (पप्पु) व प्रवीण आर्य ने किया।
इस अवसर पर समाजसेवी गौरव चौपड़ा, आशा सांभर, नपा स्वच्छता एम्बेसेडर विवेक खण्डेलवाल (सोनू), नपा के कार्यालय अधीक्षक जमनालाल पाटीदार, पार्षद रामचन्द्र धनगर, जिला प्रषासन व नपा के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरीक तथा बडी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरूष उपस्थित थे।