गुना। नगरपालिका के कार्यालय में मंगलवार शाम को सभी लोग उस समय आश्चर्यचकित रह गए, जब एक कपल दूल्हा-दुल्हन की ड्रेस में नगरपालिका कार्यालय पहुंच गया। सभी की जुबान पर एक सवाल था कि आखिर ये दूल्हा-दुल्हन नगरपालिका कार्यालय में क्या करने आये हैं। हालांकि, उनको जवाब भी जल्द मिल गया। कपल शादी के तुरंत बाद नगरपालिका में अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराने आया था। उन्होंने वहां पूरी प्रक्रिया की और अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया।
दरअसल, गुना शहर के बीजी रोड की रहने वाले एनी जैन पुत्री नेहा आलोक जैन की शादी गुजरात के सूरत जिले के वापी निवासी जतिन पुत्र अवनी चिन्तनजी मांऊ के साथ संपन्न हुई। मंगलवार को शादी के कार्यक्रम हुए। सोमवार को ही गुजरात से एनी की बारात गुना आयी। दो दिन तक शादी के कई कार्यक्रम हुए। मंगलवार दोपहर को फेरे और वरमाला की रस्म हुई। धूमधाम से दोनों की शादी का कार्यक्रम स्थानीय एक होटल सम्पन्न हुआ।
रजिस्ट्रेशन कराने नगरपालिका पहुंचे
मंगलवार दोपहर को फेरे और शादी की अन्य रस्म होने के बाद दूल्हा-दुल्हन शादी के जोड़े में ही नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए। दोनों को देखकर नगरपालिका के कर्मचारी अचंभित रह गए। लेकिन जब वे अंदर पहुंचे और आने का कारण बताया, तो सब को समझ आया। दरअसल, कपल अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराने नगरपालिका कार्यालय पहुंचा था। दोनों अपनी शादी के सभी दस्तावेज और अन्य डॉक्यूमेंट साथ लेकर पहुंचे थे। उनके साथ दोनों के परिवार वाले भी थे।
नगरपालिका के विवाह पंजीयन कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने अपने सभी दस्तावेज जमा किये। विभाग के कर्मचारी ने सभी दस्तावेजों की जांच की। वहां पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता भी पहुंच गए। कर्मचारी ने जरूरी दस्तावेजों पर दूल्हा-दुल्हन के साइन कराए। जहां जरूरत थी, वहां उनके माता-पिता के भी साइन कराए गए। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें दस्तावेज सौंप दिए गए। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन और उनके माता-पिता नगरपालिका अध्यक्ष के चौम्बर में पहुंचे। यहां अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता ने दोनों को आशीर्वाद दिया और उनके सफल दाम्पत्य जीवन की कामना की।