मंदसौर। जिले के भावगढ़ थाना अंतर्गत गांव खोडाना में तालाब किनारे खड़ी एक कार में रतलाम के इंजीनियर का शव मिला था। मृतक दीक्षांत पंड्या रतलाम रेल मंडल का जूनियर इंजीनियर था। मृतक को चार गोलियां लगी थी। उसके गले से सोने की चेन, हाथ में सोने का कड़ा और महंगा मोबाइल सुरक्षित मिले थे यानी लूट-पाट की नीयत से हत्या नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग ही मुख्य कारण सामने आया। इस अंधे क़त्ल का आज मंदसौर पुलिस ने खुलासा कर दिया। पूरी वारदात लव, सेक्स और धोखे से जुड़ी हुई हैं।
दीक्षांत पंड्या राजस्थान के डूंगरपुर का रहने वाला था। दीक्षांत रतलाम रेल मंडल में जूनियर इंजीनियर के पद पर पदस्थ था। 39 साल के दीक्षांत का ढोढर के समीप देह व्यापार से जुडी युवती से 02 साल से लगाव हो गया था। अक्सर दीक्षांत उक्त युवती से मिलने ढोढर आया करता था। साथ ही दीक्षांत, युवती को रतलाम अपने साथ रहने की जिद भी करता था। इसी बीच युवती का पुराना प्रेमी मोहसिन पठान फिर से उक्त युवती के संपर्क में आया। युवती ने दीक्षांत की कहानी मोहसिन को सुनाई। जिसके बाद युवती और मोहसिन ने दीक्षांत को ठिकाने लगाने का प्लान तैयार किया।
20 जनवरी को उक्त युवती और दीक्षांत कार से नीमच के जेतपुरा में शादी में शामिल होने आए। इस दौरान दीक्षांत ने युवती को अपने साथ रतलाम चलने की कहा तो युवती ने मोहसिन को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी। जैसे ही दीक्षांत और युवती परवलिया पहुंचे तो वहां पहले से बाइक लिए मोहसिन इंतजार कर रहा था। मोहसिन ने तुरंत पिस्टल निकालकर दीक्षांत पर दनादन 04 फायर कर दिए। जिससे दीक्षांत की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद मोहसिन और युवती दोनों ने दीक्षांत की बॉडी को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। दीक्षांत की बॉडी सहित कार को मोहसिन और युवती खोड़ाना-गुराड़िया के सुनसान रास्ते पर ले गए। गाड़ी को वहीं खड़ी करके दोनों बाइक पर सवार होकर घर आ गए। शातिर मोहसिन ने वारदात के समय पहने कपड़े और मोबाईल भी जला दिए ताकि सबूत नहीं मिले।
पुलिस ने घटना की तह तक पहुंचने के लिए अपने मुखबीर सक्रिय किए। मुखबिर की सूचना पर ढोढर के ढेरों से उक्त युवती को राउंडअप कर सख्ती से पूछताछ की। जिसके बाद युवती ने पूरा घटनाक्रम पुलिस के सामने बोला। पुलिस ने मोहसिन पठान को भी गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपी मोहसिन के खिलाफ कई थानों में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपी मोहसिन और युवती को न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।