बुरहानपुर। लोखंडिया में 24 जनवरी से लगने वाला देश-प्रदेश में ख्यात और जिले का सबसे बड़ा मोती माता का वार्षिक मेला लगेगा। माता को विशेष तौर पर मिठाई की प्रसादी चढ़ाई जाती है। इसके लिए मेले में 150 से ज्यादा मिठाई की दुकानें लगी है। एक दुकान में 20 क्विंटल तक मिठाई बनाई जा रही है। सभी दुकानों पर इतनी ही मिठाई बनाई जाएगी। छह दिनी मेले में श्रद्धालुओं द्वारा माता को करीब डेढ़ हजार क्विंटल प्रसादी चढ़ाई जाएगी। लोखडिया में स्वयंभू मोती माता का प्राचीन मंदिर है। मान्यता है कि माता हर मन्नत पूरी करती है। इसलिए श्रद्धालु यहां मत्रत मानते हैं। इसके पूरा होने पर तुलादान करते हैं। मंदिर में तुलादान का विशेष महत्व है। छह दिनों मेला 29 जनवरी तक चलेगा। पूर्णिमा पर 25 जनवरी का विशेष दिन रहेगा। इस दिन माता का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी। इसके साथ ही मंदिर पर ध्वज चढ़ाया जाएगा।
22 एकड़ में लगने वाले मेले के लिए मंदिर समिति ने तमाम व्यवस्थाएं की हैं। 12 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं मंदिर के बाहरी परिसर में महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग रेलिंग लगाई गई है। इससे माता के दर्शन करने में उन्हें सुविधा होगी।