ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस समय ग्वालियर चंबल संभाग के दौरे पर हैं, ग्वालियर चंबल संभाग की चार लोकसभा सीटों पर उन्होंने अपना दौरा किया और आज मुरैना दौरे पर मीडिया ने उनसे पूछा कि वह कौन सी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं तो उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि वह तो हमेशा पार्टी में कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं। पार्टी का जो निर्णय होगा वहीं स्वीकार है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग में मेरी जिम्मेदारी है और मैं अपनी जिम्मेदारी निभा रहा हूं। पार्टी मजबूत करने में लगा हूं। भाजपा जमीनी पार्टी है और मैं उसी के लिए काम कर रहा हूं। रहा चुनाव लड़ने का सवाल तो पार्टी का शीश नेतृत्व अगर चुनाव लड़ने का आदेश मध्यप्रदेश की जिस लोकसभा सीट के लिए देगा मैं वहां से चुनाव लड़ूंगा।
सबलगढ़ विधानसभा में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विधायक सरला रावत से कहा के विकास के कार्यों के लिए मंत्रियों के चक्कर लगाने पड़ेंगे, तभी अपनी विधानसभा में बड़े कार्य कर पाओगी। केंद्रीय मंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार की कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना पर तंज करते हुए कहा कि वह जिस तरीके से रफ्तार में दौड़ते हैं, उसी रफ्तार में सबलगढ़ विधायक सरल रावत को भी दौड़ना चाहिए। अगर इसका कोई प्रत्यक्ष प्रमाण लेना चाहे तो दिग्विजय सिंह से पूछ लो कि एंदल सिंह जब कांग्रेस में थे तो कैसे कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा।
इस दौरान उन्होंने इशारों इशारों में कहा कि कृषि मंत्री है और वह फटाफट लोगों के काम करते हैं, उनकी रफ्तार को दिग्विजय सिंह भी जान चुके हैं। उसके बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया और सबलगढ़ विधायक सरला रावत के साथ-साथ मंच पर खड़े सभी नेता खुलकर हंसने लगे। बाद में उन्होंने कहा कि यह पूरी टीम जो इस मंच पर भाजपा के साथ बैठी हुई है वह इस जिले के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।