खरगोन। आनंद नगर स्थित कपास मंडी में भारतीय कपास निगम के खरीदी नियमों में बार- बार हो रहे बदलाव हंगामें के कारण बनते जा रहे है। इस सप्ताह सीसीआई ने कपास खरीदी के भावों में 200 रुपए कि गिरावट कर दी, जिससे किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। गुरुवार को भारी मात्रा में कपास लेकर पहुंचे किसान सीसीआई के कम दाम करने पर बिफर पड़े जिसके चलते निलामी शुरु नही हो सकी। किसानों का हंगामा बढ़ता देख एसडीएम भास्कर गाचले, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, मंडी सचिव लक्ष्मण सिंह, सीसीआई खरीदी अधिकारी शिवदत्त बघेल को स्थिति संभालनी पड़ी, किसानो को समझाईश का प्रयास किया लेकिन किसान पूर्व की भांति 6920 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कपास खरीदी की मांग पर अड़े रहे। करीब 4 घंटे तक किसानों ने मंडी परिसर में ही धरना प्रदर्शन किया, इसके बाद 26 जनवरी के अवकाश को देखते हुए जो किसान मंडी पहुंच चुके थे, उनकी समस्या को देखते हुए कपास बेचने पर सहमति बनी। लेकिन किसानों ने चेतावनी दी है कि सोमवार से उन्हें पूर्व की भांति 6920 रुपए दाम देना होंगे। मंडी सचिव ने बताया वर्तमान में कपास क्वालिटी में गिरावट होने से सीसीआई की खरीदी में 200 रुपये की गिरावट की गई है, इसको लेकर किसानों और किसान संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराई थी, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में समझाइश का प्रयास किया गया। किसानों को कहा है कि अच्छी क्वालिटी के कपास का दाम अधिक मिले इसके प्रयास करेंगे।