मंदसौर। गणतंत्र दिवस जिले में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय राजीव गांधी महाविद्यालय क्रीड़ा परिसर में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।
जिला स्तरीय प्लाटून में पहली बार सैनिक स्कूल का प्लाटून भी शामिल हुआ। सधी हुई परेड में सीनियर डिवीजन में प्रथम जिला पुलिस बल, दूसरे में विशेष सशस्त्र बल एवं तृतीय एनसीसी सीनियर डिवीजन बॉयज को प्रदान किया गया।
जूनियर डिवीजन में प्रथम सैनिक स्कूल मंदसौर, दूसरे में एनसीसी शाऊमावि क्रमांक 2 तथा तीसरे में एनसीसी सेंट थॉमस को प्रदान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं पर केंद्रित आकर्षक झांकिया भी प्रस्तुत की गईं।
झांकियों में प्रथम पुरस्कार महिला एवं बाल विकास विभाग को, दूसरा पुरस्कार जल निगम व पीएचई विभाग को एवं तृतीय पुरस्कार उद्यानिकी विभाग को दिया गया। विभिन्न स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पर प्रस्तुतियां दी गई। प्रथम पुरस्कार कबीर इंटरनेशनल स्कूल गुड़भेली पिपलिया मंडी, दूसरा सेंट थॉमस स्कूल को दिया गया। इसके साथ ही दलोदा पब्लिक स्कूल द्वारा पिटी प्रदर्शन किया गया। सांई पब्लिक स्कूल दलौदा द्वारा मलखंब की प्रस्तुति दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कबीर इंटरनेशनल स्कूल गुड़भेली पिपलिया मंडी को उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने 21 हजार रुपए प्रदान किए। सेंट थॉमस स्कूल, दलोद पब्लिक स्कूल, सांई पब्लिक स्कूल को 11-11 हजार रुपए प्रदान किए।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने लोकतंत्र सेनानी गोपाल पटवा, सुरेंद्र राठौर, सत्यनारायण चौहान, कांतिलाल रुनवाल का सम्मान किया।
विधानसभा निर्वाचन के दौरान महिला कर्मियों के द्वारा मतगणना कार्य करवाने पर सभी महिला कर्मचारियों के साथ में फोटोग्राफी भी की गई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सभी महिला कर्मियों को शुभकामनाएं भी प्रदान की।