दूदरसी। ग्राम पंचायत भवन पर व मा वि एवं प्रा वि पर सरपंच विमला बाई शंभुलाल मेघवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र की आन-बान और शान का प्रतीक तिरंगे को सलामी दी। तत्पश्चात स्कूली छात्रों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई जो गांव के प्रमुख मार्ग से होती हुई प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में एकत्रित हो गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि द्वय सरपंच विमला बाई शंभुलाल मेघवाल व उप सरपंच प्रेमलता अशोक पाटीदार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बालिकाओं द्वारा मां सरस्वती वंदना मां सरस्वती तेरे चरणों में हम शीश झुकाने आए हैं नामक गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शाला के छात्र छात्र-छात्राओं ने अपनी अपनी प्रतिभा दिखाई और राष्ट्रीय गीतों पर आधारित धूनो पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। जिसका उपस्थित जनो ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि नंदलाल पाटीदार, श्यामसुंदर पाटीदार, सुरेश दास बैरागी, बंटी मीणा, वरदीचंद बंजारा, पन्नालाल धनगर, सुखलाल धनगर एवं वरिष्ठ गणमान्य नागरिक शासकीय कर्मचारीगण सचिव सोनू शर्मा, शासकीय उपस्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका भी उपस्थित थीं। सभी ग्राम वासियों को ग्राम पंचायत की ओर से मिठाई वितरण की गई। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक नंदलाल पाटीदार ने किया और आभार प्रधानाध्यापक अनिल जैन ने व्यक्त किया।