सरवानियां महाराज। अज्ञात वाहन चालक ने बीती रात्रि में बिजली पोल के टक्कर मारी और पोल को घसीटते हुए करीब पचास मीटर दूर ले गया। साथ में सर्विस लाईन और घरों के मीटर भी खींचे चले गए। जिसके बाद रात से ही बिजली दरवाजा ट्रांसफार्मर से रहवासी और व्यावसायिक इलाके की बिजली बंद रही।
सरवानियां महाराज में बीती रात्रि में अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति से वाहन चलाकर मस्जिद के पास लगे बिजली पोल को जोरदार टक्कर मारी। जिससे बिजली पोल अपनी जगह से उखड़कर वाहन के साथ घसीटते हुए करीब पचास मीटर दूर तक चला गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल के टुकड़े टुकड़े हो गए और साथ में लोगों के घरों की बिजली की सर्विस लाईन और मीटर भी खिंच गये। रात्रि लगभग 12 बजे घटी इस दुर्घटना के बाद से ही समाचार लिखे जाने तक दरवाजा ट्रांसफार्मर से सप्लाई होने वाली बिजली बंद है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अज्ञात वाहन ट्रक था। जिसकी टक्कर से पोल टुकड़े टुकड़े में बदल गया। जोरदार आवाज से मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए तब तक ट्रक वाला भाग गया।
जेई प्रवीण कुमार सांवरिया ने बताया कि रात्रि में अज्ञात वाहन चालक ने बिजली पोल को टक्कर मारी हैं। जिससे बिजली पोल के साथ साथ सर्विस लाईन और मीटरों को नुक़सान पहुंचा है। शीघ्र ही नवीन पोल शिफ्टिंग कर बिजली चालू कर दी जाएगी। अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।