चित्तौड़गढ़। भारतीय नववर्ष के स्वागत में जिला मुख्यालय पर आयोजित दो दिवसीय समारोह के अंतर्गत मंगलवार को सायंकाल इंदिरा गांधी स्टेडियम से भव्य शोभा यात्रा प्रारंभ हुई। जो शहर के कलेक्ट्रेट, रोडवेज बस स्टैंड, गंभीरी ब्रीज, अप्सरा टॉकीज चौराहा, राणा सांगा बाजार होते हुए सुभाष चौक पहुंची।
आयोजन समिति मीडिया प्रमुख संजय खाबिया व सोशल मीडिया प्रमुख अभिषेक मूंदड़ा ने बताया कि भारतीय नववर्ष समारोह स्वागत समिति के तत्वाधान में आयोजित इस शोभायात्रा में सभी समाज और संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। राष्ट्रीय गीतों की गगन भेदी स्वर लहरियों पर शोभायात्रा में बैंड के साथ ही भारत माता की नयनाभिराम झांकी और महाकाल तथा महापुरुषों की झांकियां मन मोह रही थी।
जबकि पंजाब बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रदर्शन के साथ बैंड की धुन पर भारत माता की जय जयकार से वातावरण देशभक्ति मय बन गया। इधर शोभायात्रा में भोले बाबा की बारात ने भोले की आराधना और जीवंत झांकी का प्रदर्शन कर दृश्य को यादगार बना दिया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला , पुरुष केसरिया साफा सर पर धारण कर किये चल रहे थे। जबकि युवाओं की टोलियां उत्साहपूर्वक भगवा पताका फहराते हुए देशभक्ति के नारे लगाती हुई साथ में चल रही थी। शोभायात्रा सुभाष चौक पर पहुंचकर संपन्न होगी, जहां प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति के संयोजक राजेश शर्मा, सह संयोजक बालमुकुंद सोमानी, जया तोषनीवाल, मीडिया प्रभारी संजय खाबिया व अभिषेक मुंदड़ा ने भारतीय नव वर्ष के दो दिवसीय विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए सर्व समाजों और संस्थाओं के प्रति आभार प्रकट किया। इसके बाद सुभाष चौक पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाबा सत्यनारायण मौर्य का देश भक्ति कार्यक्रम और दीपदान के साथ ही भारत माता की महा आरती की जाएगी।