नीमच। शहर के भाग्येश्वर मंदिर से आज भगवान झूलेलाल नगर भ्रमण पर निकले। अवसर था भगवान झूलेलाल के 1074 वे जन्मोत्सव का। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा विशाल शोभायात्रा पूरे धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में सिंधी समाज के महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग सज धज के उत्साह के साथ शामिल हुए। विशाल और भव्य चल समारोह में फूलों से सजा भगवान झूलेलाल का रथ, बग्गियों मे देवी देवताओं का रूप धारण किए हुए सवार बच्चे, भक्ति गीतों और भजनों पर थिरकते युवक युवतियां और आयो लाल झूलेलाल के जयकारे लगाते हुए समाजजन खास आकर्षण का केंद्र रहे। चल समारोह का समाज सेवी संगठनों द्वारा जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया।
उल्लेखनीय है कि सिंधी समाज के आराध्य देव के जन्मोत्सव पर चेटीचंड का 11 दिवसीय उत्सव पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पंचायत द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। आज सुबह 6.30 बजे भगवान झूलेलाल का अभिषेक हुआ। पूजा अर्चना के साथ भव्य शोभायात्रा की शुरुआत की गई। भागेश्वर मंदिर से प्रारंभ शोभायात्रा सिंधी कॉलोनी, हेमू कालानी चौराहा, कमल चौक, घंटाघर, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा,जैन भवन रोड़ होते हुए भागेश्वर मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। गुजराती ढोल और शहनाइयां बजी। आज भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव पर सिंधी समाज द्वारा अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए।