मंदसौर। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के तहत शनिवार को चुनाव प्रचार का आखरी दिन था। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 11 मई 2024 को शाम 05 बजे बाद चुनाव प्रचार अभियान पर रोक लग गई हैं। आज दिनभर कांग्रेस और भाजपा के स्टार प्रचारकों ने चौथे चरण की 08 सीटों पर धुंआधार प्रचार किया। देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन एवं खंडवा में 13 मई को मतदान होगा।
वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार दिलीप सिंह गुर्जर के पक्ष में सभाए की। दिग्गी राजा ने मंदसौर जिले की गरोठ विधानसभा और शामगढ़ में आमसभा कर कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप सिंह गुर्जर के पक्ष में मतदान की अपील की। दिग्गी राजा निजी वाहन से शुक्रवार शाम को ही शामगढ़ पहुंच गए थे। इस दौरान पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, पूर्व कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा, मंदसौर विधायक विपिन जैन सहित कई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।