मंदसौर। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्यप्रदेश की 8 सीटों पर वोटिंग के साथ ही अब प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो गया है। चौथे दौर में सोमवार को इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, धार, खरगोन और खंडवा सीटों पर मतदान हुआ। यहां कुल 74 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।
शाम 6 बजे तक इन सीटों पर वोटिंग का आंकड़ा 71.72 प्रतिशत रहा। इंदौर में सबसे कम 60.53 प्रतिशत वोट पड़े हैं। जबकि खरगोन में सबसे ज्यादा 75.79 प्रतिशत मतदान हुआ है। दूसरे नम्बर पर रहे देवास सीट पर 74.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीँ मंदसौर संसदीय क्षेत्र तीसरे नंबर पर रहा। यहां 74.50 फीसदी मतदान हुआ।