नीमच। मध्यप्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। मंगलवार को भी स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 17 मई से प्रदेश के उत्तरी हिस्से यानी ग्वालियर-चंबल में हीट वेव (गर्म हवा) चलने का अनुमान जताया है। इससे पहले सोमवार को शाजापुर, छिंदवाड़ा, रतलाम समेत कई जिलों में मौसम बदला रहा।
मौसम विभाग, भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से मध्यप्रदेश में ओले, बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने या चमकने का दौर चल रहा है। 16 मई तक ऐसा ही मौसम रहेगा। कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 17 मई से गर्मी का असर बढ़ने लगेगा।
नीमच-मंदसौर के लिए यलो अलर्ट-
मौसम विभाग ने आज 14 मई को अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां तेज आंधी और बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, देवास, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, पन्ना, कटनी और डिंडोरी में यलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है।