नीमच। लोकसभा निर्वाचन कार्य को संपन्न करने के लिए नीमच जिले में 5122 अधिकारियों कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिनके लिए वाहन व्यवस्था, खाने की व्यवस्था और सोने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई थी। साथ ही इसके लिए व्यय होने वाली राशि भी निर्धारित की गई थी। लेकिन जावद विधानसभा के नागथुन गांव में मतदान कराने गए कर्मचारियों से उनके ऊपर व्यय होने वाली राशि की उगाई करने का मामला सामने आया हैं। साथ ही पैसे नहीं देने पर मतदान स्थल से निकलने नहीं दिए जाने की धमकी भी दी गई। जिसकी लिखित शिकायत मतदान दल के कर्मचारी ने नीमच कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश जैन से की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मई 2024 को मतदान क्रमांक 789, मतदान केंद्र क्रमांक 148 के मतदान दल में शामिल पी-3 कर्मचारी कंवरलाल पंवार में एक लिखित आवेदन जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर दिनेश जैन को दिया हैं। आवेदन में कर्मचारी कंवरलाल पंवार ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के तहत उसकी ड्यूटी मतदान केंद्र क्रमांक 148 शासकीय प्राथमिक शाला भवन नागथुन तहसील जावद पर लगी थी। उसके साथ घनश्याम शर्मा, देवेंद्र दास बैरागी, पवन राव, माइक्रो ऑब्जवर व अन्य दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी। 13 मई को मतदान कराने के बाद जब मतदानकर्मी वापस लौटने लगे तो वहां उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ललिता का पुत्र और पंचायत सचिव ने उनसे रहने, खाने, पीने के पानी और बिस्तर के 2100 रूपए मांगे। जब मतदान दल के कर्मचारियों ने कहा कि यह तो सरकार की व्यवस्था हैं तो सचिव और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पुत्र ने कहा कि ये पैसे हमने जेब से खर्च किए हैं। पैसे हर हाल में देने होंगे और नहीं दिए तो इस कमरे से जा नहीं सकते। तुम सबको इसी कमरे में कैद रहना होगा।
मतदानकर्मी अकेले होने और रात्रि होने के कारण सभी ने 300-300 रूपए एकत्रित कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, उसकी सहायिका और सचिब को दिए। कुछ कर्मचारियों ने तो ऑनलाइन के माध्यम से भुगतान किया। जिसके बाद मतदान दल के कर्मचारियों को रात्रि 10.30 बजे मतदान केंद्र से जाने दिया।
पोलिंग पार्टी ने इसकी मौखिक शिकायत सेक्टर अधिकारी भुनेश अम्बवानी से की। जिस पर सेक्टर अधिकारी अम्बवानी ने कहा कि कहीं पर कोई राशि नहीं देनी पड़ती हैं। यह सब व्यवस्था सरकार के द्वारा की जाती हैं। जिसके बाद पोलिंग पार्टी क्रमांक 789 ने जबरदस्ती कैद कर रूपए लेने की शिकायत कलेक्टर से की हैं। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और उसका पुत्र, पंचायत सचिव और वहां उपस्थित अन्य के खिलाफ ठोस कार्यवाई की मांग पोलिंग पार्टी ने की हैं।