सागर। पुरव्याऊ में रहने वाले छात्र ने एक माह की मेहनत के बाद केदारनाथ धाम मंदिर की प्रतिकृति बनाई है। थर्माकोट से तैयार किया गया मंदिर हूबहू केदारनाथ धाम में स्थित मंदिर की ही तरह है। इस समय केदारनाथ धाम की यात्रा चल रही है। यात्रा में लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इसी बीच सागर के छात्र मयंक गुरु निवासी पुरव्याऊ ने थर्माकोट की शीट से केदारनाथ धाम का मंदिर बनाया है। जिसे देखने के लिए आस पड़ोस में रहने वाले लोग पहुंच रहे हैं।
20 वर्षीय छात्र मयंक गुरु ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। केदारनाथ धाम जाना चाहते हैं। लेकिन अभी तक केदारनाथ नहीं गए। इसलिए मन में आया कि केदारनाथ धाम का मंदिर घर पर ही बनाया जाए। जिसके बाद मयंक ने घर में मंदिर बनाने की तैयारी शुरू की। वे बाजार से थर्माकोट की शीट लेकर आए। फेविकोल, कलर समेत अन्य जरूरी सामान खरीदा। जिसके बाद उन्होंने मंदिर बनाना शुरू किया।
मोबाइल पर वीडियो देखकर बनाया मंदिर
मयंक ने बताया कि मोबाइल पर यूट्यूब में केदारनाथ धाम मंदिर के वीडियो देखे। कुछ फोटो देखीं। जिसके बाद मंदिर बनाना शुरू किया। पढ़ाई के साथ रोज 2 से 3 घंटे मंदिर बनाने के लिए समय दिया। करीब एक माह में केदारनाथ मंदिर बनाकर तैयार किया है। मंदिर की प्रतिकृति बनाने में करीब 8 से 10 हजार रुपए का खर्चा आया है।