बड़वानी। यदि अभी तक आपने अपने कॅरियर का कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है तो सबसे पहले यह कार्य सम्पन्न कर लीजिए। अपनी क्षमताओं, संसाधनों और रुचियों के अनुसार जीवन का उद्देश्य बनाइये। आप निर्धारित नही कर पा रहे हैं तो काउंसलर्स से संपर्क कीजिए। कॅरियर तय हो जाने पर उस पर पूरी तरह से फोकस कीजिए। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए योजना बनाकर उसे निरंतर क्रियान्वित कीजिए। ये बातें शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी के स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कॅरियर काउंसलर डॉ मधुसूदन चौबे ने सहभागी विद्यार्थियों को परामर्श देते हुए कहीं। यह आयोजन प्राचार्य डॉ दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यकर्ता प्रीति गुलवानिया और वर्षा मुजाल्दे ने बताया कि इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सेल्फ कॅरियर परसेप्शन के बारे में बताया गया। उनके समक्ष कॅरियर के अनेक विकल्प प्रस्तुत किये गये ताकि उन्हें अपने कॅरियर का लक्ष्य निर्धारित करने में सहुलियत हो। विद्यार्थियों की पर्सनल काउंसिलिंग भी की जा रही है। इससे वे अपनी व्यक्तिगत इच्छाएं और सीमाएं बताकर अच्छे से डिस्कस कर पाते हैं।