छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल में चूहों ने महिला मरीज के पैर कुतर दिए। उनके दोनों पैरों में घाव हुए हैं। मरीज और उनके साथ वालों का कहना है कि रातभर बिस्तर पर चूहे उछल-कूद करते हैं। यहां तक कि खाना और दूसरा सामान भी खींच-खींचकर ले जा रहे हैं। मोबाइल चार्जर तक कुतर देते हैं।
शहर के इंदरानगर की गिरिजा मालवी (65) ने बताया कि उन्हें बुखार - खांसी है। शुगर भी बढ़ी हुई है। इस वजह से वे अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती हैं। मंगलवार - बुधवार की दरमियानी रात 3 बजे उन्हें चूहे ने पैर में काटा। नर्स को भी जानकारी दी। उसने इलाज नहीं किया। गुरुवार सुबह 6 बजे भी चूहे ने उन्हें ऐड़ी में काट लिया है।
एक और महिला मरीज का इलाज करा रहे उनके बेटे गोलू ने बताया कि यहां चूहों का आतंक है। खाना खा जाते हैं। राजा राम ने बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं। चूहे नुकसान कर रहे हैं। उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज जमीन पर खाना छोड़ देते हैं, इस वजह से चूहे आ रहे हैं।
150 करोड़ से बनी बिल्डिंग, चूहों ने आसपास खोद लिए बिल
जिला चिकित्सालय की 5 मंजिला इमारत 2019 में बनकर तैयार हुई है। 150 करोड़ रुपए की लागत से इसे बनाया गया है। पहले फ्लोर में महिला वार्ड है। चूहों ने बिल्डिंग के आसपास बड़े-बड़े बिल बना लिए हैं। रात में ये बिलों से निकलकर अस्पताल के वार्ड में घुस आते हैं।
सिविल सर्जन बोले- 4 महीने पहले हुआ है पेस्ट कंट्रोल
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर एमके सुनिया का कहना है कि 4 महीने पहले ही हमने पेस्ट कंट्रोल कराया था। ठेकेदार से एग्रीमेंट है। हर 3 महीने में पेस्ट कंट्रोल किया जाता है। अस्पताल में कल से फिर पेस्ट कंट्रोल किया जाएगा।