नीमच। शहर के समीपस्थ ग्राम कनावटी में स्थित नर्सिंग कॉलेज के लिए आवंटित भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। नवीन मेडिकल कॉलेज के सामने शासन द्वारा नर्सिंग कॉलेज बनाया जा रहा है। जिसके लिए भूमि आवंटित की गई है। भूमि पर सिखवाल समाज के द्वारा अतिक्रमण किया गया था। जिसे आज हटाया गया है।
नगरपालिका की टीम शनिवार को दल बल के साथ नर्सिंग कॉलेज की आरक्षित भूमि पर पहुंची। जहां पर मंदिर के आसपास प्री कास्ट लगाकर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय, प्रेम शंकर पटेल, पटवारी घनश्याम पांडे, नगर पालिका अधिकारी हेमंत सिंह सिसौदिया, पटवारी घनश्याम नागदा सहित राजस्व विभाग और नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यवाही को लेकर सिखवाल समाज की महिलाओ द्वारा अनुचित बताया गया। समाज की महिला अध्यक्ष अपेक्षा शर्मा ने बताया कि हमारे द्वारा इस भूमि पर कुछ महीनों पूर्व मंदिर बनाया गया था। नगर पालिका ने हमें पंचनामा बनाकर दिया था। बिना नोटिस दिए नगर पालिका की टीम ने हमारे द्वारा लगाई गई प्रीकास्ट को तोड़ दिया है। शहर में अन्य समाज को भी भूमि दी गई है, उनके अतिक्रमण हटाने चाहिए।
मामले पर तहसीलदार संजीव मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका के द्वारा प्रशासन को जानकारी दी गई थी। भूमि पर अवैध अतिक्रमण एक समाज की तरफ से किया गया है। आज यानी शनिवार को उसे अतिक्रमण को हटाया गया और भी इस तरह के जितने अतिक्रमण होंगे उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।