खरगोन। शहर में एक ओर जहां नपा कॉलोनी, मोहल्लों में सीसी रोड़ निर्माण कर विकास की ढोंढी पीट रही है, वही मुख्य मार्गाे की सड़कों की हालत खस्ताहाल हो रही है। चाहे सनावद रोड़ हो, खंडवा रोड, बिस्टान रोड़ या कसरावद रोड़। यह सभी शहर के मुख्य मार्ग होकर हाईवे को भी जोड़ते है। इसके बावजूद इन मार्गाे की स्थिति यह है कि जगह.जगह गड्ढे हैं। ऐसा नही है कि शहरवासियों या जागरुक राहगिरों ने इसकी शिकायत नही कि है। शिकायतों के बाद भी अधिकारी बेफिक्र हैं। राहगिर इमरान पीओपी, निर्भय यादव ने कहा कि शहर का सनावद रोड़ जो शहर की लाइफ लाईन की तरह है। यह मार्ग इंदौर को जोडऩे के साथ ही इस मार्ग पर जिला अस्पताल सहित दर्जनों निजी अस्पताल है। इसलिए यहीं से अधिकतर वाहन गुजरते हैं। इस रोड पर हर 50 फीट की दूरी पर यह मार्ग गड्ढो में तब्दील हो गया है, जबकि इसी मार्ग पर डीआरपी लाईन के सामने, भंडारी तौल कांटे के समीप न केवल बड़े गड्ढे है बल्कि जगह- जगह सड़क धंस गई है, जिससे वाहन लहराकर हादसों का कारण बन रहे है। निर्भय यादव ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत नपा सहित पार्षद को भी कि लेकिन अब तक गड्ढे भरे नही गए, अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे है! वही खंडवा रोड पर वैभव लक्ष्मी काम्पलेक्स के सामने, एमपीईबी के सामने भी ऐसे ही हालात है, यहां हाल ही में सड़क निर्माण हुआ है, इसके बावजूद बड़े गड्ढे राहगिरों का सफर जोखिम भरा कर रहे है।