देवास। कलेक्टर की जनसुनवाई में मंगलवार को गुराडिया की रहने वाली परवीन बी पति शाबिर शाह पहुंची। बोली- सर, काफी प्रयासों के बाद भी लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कृपया इसका लाभ दिलवाइए। उसने इस संबंध में एक आवेदन भी दिया। कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार निराकरण के तत्काल निर्देश दिए।
जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्टर गुप्ता ने जनसुनवाई की। जनसुनवाई में आवेदकों ने अपने आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
आवेदक प्रेम पिता सेवाजी निवासी करनावद ने राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत की गई भूमि के अर्जन की राशि दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं, आवेदिका भंवरबाई पति हरिसिंह निवासी नारियाखेडा ने कृषि भूमि पर जाने के लिए रास्ता खुलवाने के संबंध में आवेदन दिया।
इसके साथ ही जनसुनवाई में जमीन के सीमाकंन, नामाकंन, बंटवारा, रास्ते पर से अतिक्रमण हटाने, अतिक्रमण हटवाने, बिजली बिल कम करवाने, नालियों की साफ-सफाई करने सहित अन्य आवेदन पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।