ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पत्नी के सूट का कपड़ा खरीदने पर पति ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पति ने पत्नी को घर खर्च के लिए एक हजार रुपए से दिए थे। जिससे पत्नी ने सूट का कपड़ा खरीद लिया था। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम विहार कॉलोनी की है। घायल पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दअरसल, ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम विहार कॉलोनी में रहने वाला आकाश तोमर ऑटो चालक है और ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। आकाश ने अपनी पत्नी सोनम तोमर को एक हजार रुपए घर खर्च के लिए दिए थे। लेकिन सोनम ने उसके पास ज्यादा कपड़े नहीं थे, जिसके चलते जब घर के बाहर सूट का कपड़ा बेचने आए व्यक्ति आया तो सोनम ने सूट का कपड़ा उन पैसों से खरीद लिया। जब पति वापस घर शराब के नशे में लौटा तो उसने दिए हुए पैसों के बारे में पूछा, सोनम ने उन पैसों से सूट का कपड़ा खरीदना उसे बताया। इस बात को सुन पति आगबबूला हो गया और अपनी पत्नी से बहस के दौरान किचन में रखा चाकू से सोनम पर जानलेवा हमला बोल दिया।
पत्नी सोनम ने अपनी जान को बचाने हाथ आगे कर दिया तो चाकू उसके हाथ में जा लगा और वह घायल हो गई। पति ने जब यह सब देखा तो वह उसे लहू लुहान हालत में वही छोड़ भाग निकला। घर में मौजूद सोनम की छोटी बहन उसे लेकर अस्पताल पहुंची और उसका इलाज कराया। इलाज करने के बाद सोनम ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। वहीं पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।