भिंड। भिंड के मिहोना क्षेत्र के लेन का पुरा गांव में एक युवक की प्रेमिका से मिलने के दौरान पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार रात की है, जब एसएएफ से रिटायर्ड आरक्षक का बेटा अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। रात के करीब तीन बजे प्रेमिका के भाई की नींद खुली और उसने युवक को अपनी बहन के साथ देख लिया। जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
मामला भिंड के मिहोना के लेन का पुरा का है। जहां एसएएफ से रिटायर्ड आरक्षक छोटेलाल बघेल का बेटा जीतू उर्फ जितेंद्र सिंह बघेल शनिवार रात घर से निकलकर प्रेमिका के घर पहुंच गया। वहीं रात तीन बजे प्रेमिका के भाई दीपक बघेल की अचानक नींद खुली तो उसने बहन के साथ जीतू को देखकर भाई हनुमंत बघेल व बलवंत बघेल पुत्र मुन्नीलाल बघेल को आवाज लगाई। इस दौरान घबराकर जीतू ने भागने की कोशिश की तो तीनों ने मिलकर पकड़ लिया। उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
सुबह पांच बजे मामले की जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल हालत में जीतू को अस्पताल ले गई। बताया जाता है कि जीतू जिस घर में घुसा था, वह उसके मामा के साढू का घरहै। मिहोना थाना प्रभारी विजय कैन ने बताया कि, इलाज के दौरान जीतू की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
जीतू के भाई ने दी पुलिस को सूचना
जीतू के भाई उपेंद्र ने कहा कि जितेंद्र के पास एक फोन आया था। वह फोन पर बातचीत करते हुए घर से निकला था। वह भी उसके साथ पीछे-पीछे गया। लेन का पुरा में वह एक घर में घुसा, तो वहां मौजूद लोगों ने उसको घेरकर उसकी मारपीट करने लगे। वह डर कर भाग आया और पुलिस को सूचना दी।